सर्दी, खांसी, बुखार की समस्या होने पर फीवर क्लीनिक में करायें उपचार
जिले में 18 शासकीय एवं 2 निजी फीवर क्लीनिक संचालित
कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण की पहचान करने के लिए सर्दी, खांसी, बुखार के मरीजों की जांच के लिए जिले में 20 क्लीनिक प्रारंभ किए गये हैं। फीवर क्लीनिक का संचालन प्रोटोकाल के अनुसार किया जा रहा है। कलेक्टर श्री चौधरी ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को सर्दी, खांसी, बुखार, साँस लेने में तकलीफ़ है, तो अपने नज़दीकी फीवर क्लीनिक में संपर्क करें। उन्होंने बताया कि कोरोना के लक्षण परिलक्षित होने पर संबंधित व्यक्ति की कोरोना जाँच भी की जाएगी। कोरोना संक्रमण की समय से पहचान पर व्यक्तियों का उपचार संभव है। इसके साथ ही इसके संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस संक्रमण की जल्द पहचान करने के लिए सर्दी, खांसी, बुखार के मरीजों की जांच के लिए जिले में कुल 20 क्लीनिक प्रारंभ किए गये हैं। जिला अस्पताल सीधी, शहरी प्राथमिक स्वा. केन्द्र थनहवा टोला सीधी, सामुदायिक स्वा. केन्द्र रामपुर नैकिन, सेमरिया, मझौली, कुसमी एवं सिहावल, प्राथमिक स्वा. केन्द्र बंजारी, बरिगवां, करवाही, ताला, चुरहट, बघवार, धनहा, पोड़ी, अमिलिया, बिठौली एवं अमरपुर तथा निजी अस्पताल अंतर्गत मिश्रा नर्सिग होम एवं डी.के. हॉस्पीटल सीधी में फीवर क्लीनिक प्रारंभ किया गया है।
कलेक्टर श्री चौधरी ने निर्देशित किया है कि फीवर क्लीनिक का संचालन निर्धारित प्रोटोकाल अनुसार किया जाए, जैसे कि इसमें प्रथम वेटिंग रूम द्वितीय एक्जामिनेशन रूम और बाहर जाने और अंदर आने के लिए अलग से व्यवस्था हो। इनमें एन-95 ट्रिपल लेयर सर्जिकल मास्क, फेशशिल्ड, हैंड ग्लब्स का उपयोग अनिवार्य किया जाए। प्रत्येक मरीज के प्रवेश पर सेनीटाइज कर थर्मल गन से बुखार भी चेक किया जाय। इस दौरान मरीज के साथ केवल एक ही व्यक्ति रहे, एक समय में वेटिंग रूम में मास्क लगाकर चार से अधिक मरीज अथवा व्यक्ति नही रहे। इसके साथ ही उनसे दो मीटर की दूरी रखना आवश्यक होगा।
0 Comments